लखौली के पास कार को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर 1 की मौत 1 घायल
आरंग(लखौली)
आरंग रायपुर मार्ग पर लखौली पुराने टोल प्लाजा स्थित अपना ढाबा के पास शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में ग्राम कुरा निवासी कपड़ा व्यापारी सतीश कुमार देवांगन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके चाचा तरूण कुमार देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुरा निवासी सतीश कुमार देवांगन शुक्रवार 23 जनवरी 2026 को अपने चाचा तरूण कुमार देवांगन के साथ कार क्रमांक CG10FA3105 से बुआ के घर महासमुंद गए थे। देर रात करीब 10.30 बजेदोनों महासमुंद से रायपुर की ओर लौट रहे थे।इसी दौरान लखौली पुराने टोल प्लाजा के समीप अपना ढाबा के पास ट्रकक्रमांकCG07BH7260 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे में सतीश कुमार देवांगन को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तरूण कुमार देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएचसी अस्पताल आरंग ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर कर दिया गया।घायल तरूण कुमार देवांगन ने बताया कि ट्रक चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए कार को टक्कर मारी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और सतीश देवांगन की जान चली गई। दुर्घटना के लिए ट्रक चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया गया है।घटना की सूचना मृतक के पिता चंदन देवांगन एवं चाचा मंगतू राम देवांगन को दी गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्राम कुरा में शोक की लहर दौड़ गई।पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर थाना आरंग में अप.क्र. 48/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण में ट्रक चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार घटना स्थल ग्राम लखौली टोल प्लाजा, अपना ढाबा के पास है। घटना की रिपोर्ट 24 जनवरी 2026 को सुबह 10.46 बजे दर्ज की गई।तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
