सेठ फूलचंद अग्रवाल स्मृति महाविद्यालय के छात्र राहुल पटेल का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
नवापारा राजिम
सेठ फूलचंद अग्रवाल स्मृति महाविद्यालय, नवापारा (राजिम) के बी.एड. छात्र राहुल पटेल का चयन अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राहुल पटेल अब पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
महाविद्यालय के खेल अधिकारी शिव कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के आदेशानुसार विगत दिनों शासकीय विज्ञान महाविद्यालय में अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में सेठ फूलचंद महाविद्यालय की टीम से खेलते हुए राहुल पटेल ने उत्कृष्ट एवं उच्च स्तरीय प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उनका चयन विश्वविद्यालय की बैडमिंटन टीम में किया गया।
चयनित छात्र राहुल पटेल 05 जनवरी से 11 जनवरी तक आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे, जिसके पश्चात वे 12 जनवरी को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में आयोजित अखिल भारतीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना होंगे।
