मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में हुए शामिल, माता राजिम के संदेश मानव जीवन के लिए कल्याणकारी, साहू समाज छत्तीसगढ़ का प्रगतिशील समाज :

 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में हुए शामिल,
माता राजिम के संदेश मानव जीवन के लिए कल्याणकारी, साहू समाज छत्तीसगढ़ का प्रगतिशील समाज :




राजिम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय  धर्म नगरी राजिम के त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ भगवान राजीव लोचन तथा भक्त माता राजिम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। महोत्सव में उपस्थित समाजजनों ने मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर स्वागत किया।
महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि साहू समाज छत्तीसगढ़ का एक प्रगतिशील समाज है। सभी को भक्त माता राजिम एवं माता कर्मा द्वारा दिए गए संदेशों का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने जयकारों के बीच कहा कि आज भगवान राजीव लोचन की पूजा कर समृद्धि की कामना की गई है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सिरकट्टी आश्रम में 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य राम-जानकी मंदिर में धर्म ध्वजा की स्थापना की गई, जिसमें शामिल होने का सौभाग्य मिला। अयोध्या की तर्ज पर कुटेना में धर्म ध्वजा स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि यह समाज शिक्षा, इतिहास और हर दृष्टिकोण से समृद्ध रहा है। दानवीर भामाशाह और बाबा सत्यनारायण के आदर्शों से समाज को निरंतर प्रेरणा मिलती रही है।
उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होता है तो केवल समाज ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश भी मजबूत बनता है। साहू समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह जैसे कार्यक्रम अनुकरणीय हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम माता के आशीर्वाद से सरकार हर गारंटी को पूरा कर रही है। राज्य खनिज, वन और कृषि संसाधनों से समृद्ध है। नक्सलवाद के खिलाफ जवान पूरी ताकत से लड़ रहे हैं और 31 मार्च तक बस्तर को नक्सल मुक्त करने का संकल्प लिया गया है। अब तक 400 गांवों को पुनः आबाद किया गया है। सरकार समाज के हर आयोजन में साथ है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भक्त माता राजिम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता राजिम ने जिस साहू समाज को अपने श्रम और त्याग से संगठित किया, आज वह समाज शिक्षा, कृषि और व्यवसाय सहित सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।




अन्य अतिथियों के विचार
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भक्त माता राजिम जयंती एवं नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहू समाज एक संगठित समाज है, जो सभी को साथ लेकर चलता है। त्रिवेणी संगम की पावन भूमि से प्रेरणा लेकर समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करेंगे।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि यह उत्सव केवल आयोजन नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, साधना और श्रम की भूमि का प्रतीक है। यहां भगवान से पहले भक्त का नाम लिया जाता है, जो इस भूमि की विशेषता है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि राज्य के विकास में साहू समाज की अहम भूमिका है। समाज की प्रगति से पूरे प्रदेश का विकास होगा। सामूहिक विवाह समाज की एक अनुकरणीय परंपरा बन चुकी है।
राजिम विधायक रोहित साहू ने भक्त माता राजिम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गत वर्ष मुख्यमंत्री द्वारा माता राजिम की प्रतिमा निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई, इसके लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने राजिम को नगर पालिका का दर्जा दिए जाने पर भी धन्यवाद दिया।
साहू समाज के प्रदेशाध्यक्ष नीरेंद्र साहू ने स्वागत उद्बोधन में भक्त माता राजिम की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे साहू समाज की आराध्य देवी हैं। समाज द्वारा किए गए कल्याणकारी कार्य अन्य समाजों के लिए भी अनुकरणीय हैं। उन्होंने नया रायपुर में छात्रावास हेतु भूमि आबंटन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने की मांग रखी।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा साहू समाज की नियमावली का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक मोतीलाल साहू, रोहित साहू, भक्ति माता मंदिर समिति अध्यक्ष लाल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post
ad inner footer