ग्राम पंचायत कौन्दकेरा में याशीष मेमोरियल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा 50 लोग ने किया रक्तदान शिविर का सफल आयोजन
फिंगेश्वरः
-ग्राम पंचायत कौन्दकेरा में याशीष मेमोरियल वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में एक भव्य एवं सराहनीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य मानव सेवा, सामाजिक दायित्व और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में ग्रामीणों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती राधिका मनोज यादव, युवा नेता किरण टंडन, जनपद सदस्य रामेश्वरी कुर्रे, पूर्व जनपद सदस्य कोमल घोगरे पांच सुमित बघेल, पूर्व पंच सुनील साहू, वरिष्ठ वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रमेशु यादव, लिखन साहू, नारद साहू के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर सरपंच ने अपने उद्बोधन में कहा कि “रक्तदान महादान है। यह न केवल किसी की जान बचाता है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी सशक्त करता है। याशीष मेमोरियल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा किया गया यह प्रयास अनुकरणीय है। ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और युवा वर्ग को सकारात्मक दिशा मिलती है।” उन्होंने आगे युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को आगे आकर इस पुण्य कार्य में सहभागी बनना चाहिए। शिविर में चिकित्सकीय टीम द्वारा रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान करने वाले सभी दाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी साझा की गई। याशीष मेमोरियल वेलफेयर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था निरंतर समाजसेवा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रही है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणजनों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
