सांसद से मिले आरंग के व्यापारी संघ के पदाधिकारी

 सांसद से मिले आरंग के व्यापारी संघ के पदाधिकारी




रोशन चंद्राकर (आरंग)

 व्यापारी संघ आरंग के पदाधिकारियों ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं एवं नगर की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। इस अवसर पर व्यापारी संघ अध्यक्ष सूरज शर्मा ने आरंग नगर में लंबे समय से लंबित एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग प्रमुखता से रखी।

उन्होंने बताया कि कोरबा–विशाखापत्तनम लिंक एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस, अहमदाबाद–पुरी एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों का ठहराव आरंग में आवश्यक है। नगर का विस्तार अब नगर पालिका के रूप में हो चुका है तथा क्षेत्र में 150 से अधिक पंचायतें शामिल हैं। औद्योगिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक दृष्टि से आरंग निरंतर विकसित हो रहा है।

साथ ही नगर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां स्थित प्राचीन मांडदेवल मंदिर, बाबा बागेश्वरनाथ पंचमुखी मंदिर सहित अनेक ऐतिहासिक मंदिर तथा महाप्रभु वल्लभाचार्य का प्राकट्य उत्सव धाम चंपारण होने के कारण श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या यहां आती है, जिससे एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव अत्यंत आवश्यक हो गया है।

इसके अतिरिक्त व्यापारी संघ ने बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा खोलने की मांग भी रखी। देना बैंक के बड़ौदा बैंक में विलय के बाद बैंकिंग कार्यों में अत्यधिक वृद्धि हो गई है, जिससे आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान शाखा में पार्किंग, पेयजल, पर्याप्त हॉल एवं बैठक व्यवस्था का भी अभाव है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस दौरान नगर की राजनीतिक गतिविधियों एवं संगठनात्मक विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।

इस प्रतिनिधिमंडल में व्यापारी संघ अध्यक्ष सूरज शर्मा, उपाध्यक्ष पंकज शुक्ला, दीपक सोनी, बांके बिहारी अग्रवाल, अंगद साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post
ad inner footer