बिजली में रामचरितमानस यज्ञ व निषादराज गुहा जयंती का भव्य आयोजन, विधायक रोहित साहू ने दी विकास सौगात

 बिजली में रामचरितमानस यज्ञ व निषादराज गुहा जयंती का भव्य आयोजन, विधायक रोहित साहू ने दी विकास सौगात



फिंगेश्वर

राज्यपाल गोद ग्राम बिजली में चल रहे रामचरितमानस यज्ञ के दूसरे दिन वैदिक मंत्रोच्चार और चौपाइयों के साथ आहुतियां दी गईं। यज्ञ में बड़ी संख्या में ग्रामवासी श्रद्धा भाव से शामिल हुए। इसी मंच पर दोपहर के समय निषाद समाज बिजली के तत्वावधान में भक्त शिरोमणि निषादराज गुहा जयंती का आयोजन भी धूमधाम से किया गया।इस संयुक्त धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मछुवारा संच प्रदेश संयोजक प्रदीप केवर्त, जनपद सभापति नंदू यादव, सरपंच संघ अध्यक्ष हरिश साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजुलता हरित, सरपंच पद्मा मोती निषाद, नेहरू साहू उपस्थित रहे।



विधायक रोहित साहू ने रामचरितमानस से जुड़े प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सुख-समृद्धि, पारिवारिक सामंजस्य और भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्णाहुति के दिन विशेष हवन एवं आरती में शामिल होने से यज्ञ का पूर्ण फल प्राप्त होता है, जिससे जीवन मूल्यों और रिश्तों में मधुरता आती है। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।


कार्यक्रम को सरपंच संघ अध्यक्ष हरिश साहू ने भी संबोधित किया। वहीं सरपंच प्रतिनिधि एवं जिला निषाद समाज अध्यक्ष मोती निषाद ने बताया कि विधायक रोहित साहू द्वारा पिछले दो वर्षों में ग्राम पंचायत बिजली को लगभग 70 लाख रुपये की विकास राशि प्रदान की गई है, जिसके लिए ग्रामवासियों ने आभार व्यक्त किया। साथ ही पंचायत की मांग पर विधायक ने 15 लाख रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण तथा महिला समिति के लिए 7-7 हजार रुपये की जनसंपर्क राशि की घोषणा की।


विधायक के गांव आगमन पर सरपंच, पंच, जनपद सदस्य एवं ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके पश्चात पंचायत में स्वीकृत तालाब में टीन शेड निर्माण का भूमि पूजन भी किया गया।


निषादराज गुहा जयंती के अवसर पर विधायक रोहित साहू ने भक्त निषादराज गुहा के चित्र पर पूजा-अर्चना की तथा रामायण एवं सीतला मंदिर में क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान निषादराज के जयकारे गूंजते रहे। वक्ताओं ने निषादराज को भगवान राम के सच्चे मित्र बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।


जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने कहा कि पारिवारिक रिश्तों में मधुरता बनाए रखने के लिए सभी सदस्यों को एक साथ बैठकर भोजन करना चाहिए। इससे संवाद बढ़ता है और मनमुटाव दूर होते हैं। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान शिक्षा देने और नारी शक्ति के सामाजिक योगदान पर भी प्रकाश डाला।


कार्यक्रम में नंदू यादव, पद्मा निषाद, मोती निषाद, गजेन्द्र निषाद, ठाकुर राम, लिखन निषाद, दयाराम साहू, कृपा निषाद, डोमन साहू, उदय यादव, दुजराम ढीढ़ी, रमेश यादव, नेतराम, चुनु, हेमन, ओमप्रकाश साहू, रूपेश साहू, शत्रुघ्न, नूतन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post
ad inner footer