समय पर जमा करें संपत्ति, व्यवसायिक कर-सीएमओ

  समय पर जमा करें संपत्ति, व्यवसायिक कर-सीएमओ






अंकुर पहाड़िया(फिंगेश्वर)

   इन दिनों नगर पंचायत का बकाया टैक्स आदि की राशि जमा करवाने अधिकारी सक्रिय हो गए है। नगर पंचायत द्वारा नगर के समस्त संपत्ति करदाताओं एवं व्यावसायिक काम्पलेक्स स्वामियों से अपील की गई है कि वे वित्तीय वर्ष के सुचारू संचालन एवं शहर के विकास कार्यो की निरंतरता बनाए रखने हेतु अपने संपत्ति कर, जल कर एवं काम्पलेक्स कर का भुगतान समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें। नगर पंचायत द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, करदाताओं द्वारा जमा की गई राशि का उपयोग नगर की सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण, जल आपूर्ति एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने में किया जाता है। ऐसे में करदाताओं की सहभागिता शहर के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी चंदन मानकर ने कहा कि नगर का विकास हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। करदाताओं द्वारा जमा की गई राशि से नगर की स्वच्छता एवं अधोसंरचना को मजबूत किया जाता है। अतः सभी जागरूक नागरिक समय पर टैक्स जमा कर नगर विकास में सहयोग करें। बकाया भुगतान पर जोर देते हुए नगर पंचायत फिंगेश्वर के अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी ने कहा कि जिन करदाताओं द्वारा पूर्व वर्षो का संपत्ति कर, जल कर अथवा काम्पलेक्स कर अब तक जमा नहीं किया गया है, उन्हें तत्काल बकाया राशि भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के पश्चात कर भुगतान करने पर नियमानुसार अधिभार लगाया जाएगा। समय पर कर जमा कर करदाता अनावश्यक आर्थिक भार से बच सकते हैं। भुगतान की सुविधा के बारे में नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपक श्रीवास ने कहा कि करदाता नगर पंचायत कार्यालय के राजस्व विभाग में नकद अथवा चेक के माध्यम से करों का भुगतान कर सकते हैं। साथ ही डिजिटल लेन देन को प्रोत्साहित करने हेतु आनलाईन पोर्टल के माध्यम से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। नगर पंचायत अधिकारी मानकर ने कुर्की की चेतावनी देते हुए कहा कि लगातार सूचना देने के बावजूद कर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों एवं काम्पलेक्स स्वामियों के विरूद्ध नियमानुसार कुर्की एवं अन्य दंडात्मक कार्यवाही की जा सकती है।





Previous Post Next Post
ad inner footer