मानस संगठन आरंग ने विवाह समारोह में रामायण ग्रंथ भेंट कर दिया संस्कारों का संदेश
आरंग
राजा मोरध्वज आध्यात्मिक, धार्मिक एवं सामाजिक मानस संगठन आरंग द्वारा समाज में संस्कारों के संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा उपाध्यक्ष साहू समाज आरंग परिक्षेत्र एवं पूर्व एल्डरमेन नगर पालिका परिषद आरंग उपेंद्र साहू की सुपुत्री समृद्धि के विवाह समारोह में वर-वधू को उपहार स्वरूप रामायण ग्रंथ भेंट किया गया।
यह पावन आयोजन शुक्रवार को फाल्गुन शुक्ल पक्ष तृतीया के शुभ अवसर पर संपन्न हुआ। इस दौरान मानस संगठन के सदस्यों ने नवदम्पत्ति के सुखद, सफल एवं खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान किया। साथ ही गृहस्थ जीवन में पारिवारिक एकता, सुख-शांति एवं संस्कारों की स्थापना हेतु नियमित रूप से रामचरितमानस के पठन-पाठन का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मानस संगठन के पदाधिकारी मानस लोधी, अशोक साहू, देव सरण साहू, हीरालाल साहू, अवध विश्वकर्मा, मनमोहन गुप्ता, उपेंद्र साहू, ओंकार विश्वकर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संगठन द्वारा यह संकल्प भी लिया गया कि भविष्य में विवाह समारोह, जन्मोत्सव एवं गृह प्रवेश जैसे शुभ अवसरों पर रामायण ग्रंथ भेंट कर समाज में सकारात्मक एवं सांस्कृतिक संदेश दिया जाएगा। यह पहल जनमानस में भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक नई सोच के रूप में देखी जा रही है।
