सरकारी अंग्रेजी मिडियम स्कूलों में आर्थिक संकट के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार-सुखचंद बेसरा
फिंगेश्वरः
-छत्तीसगढ़ में संचालित आत्मानंद स्कूलों की आर्थिक संकट के लिए राज्य की भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार में प्रदेश के 751 आत्मानंद स्कूल जिसमें 403 इंग्लिश मीडियम स्कूल और 348 हिंदी माध्यम स्कूल जिला कलेक्टरों के माध्यम से संचालित होते थे। लेकिन अब इसका संचालन राज्य का स्कूल शिक्षा विभाग कर रहा है। सरकार के पास कार्यक्रम करने के लिए फंड है लेकिन बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए फंड नहीं है। निश्चित ही राज्य सरकार प्रदेश्ज्ञ के बच्चों को अशिक्षित ही रखना चाहती है। क्योंकि पांच लाख रूपए सालाना नियमित फंड से संचालित इन स्कूलों को अब आधा ही फंड मिल रहा है, वह भी कहीं कहीं। श्री बेसरा ने कहा कि यही वजह है कई स्कूलों में स्टेशनरी, छोटे-बड़े आयोजन और अप्रत्याशित खर्च के लिए उधार का सहारा लेना पड़ रहा है। हालत ऐसी हो गई है कि स्कूलों का रंग रोगन, छोटी मोटी मरम्मत तक नहीं हो पा रही है। अंचल में वर्तमान में लगभग 50 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालित है। सभी स्कूलों मंे फंड की कमी बताई जा रही है और स्कूलों का बुरा हाल है। बिजली बिल का नोटिस भी मिला, बिल अभी भी पेंडिंग है। जिलाध्यक्ष बेसरा ने कहा कि एक हाईस्कूल को पिछली सरकार ने आत्मानंद स्कूल में तब्दील किया। यहां स्कूल के फर्नीचर बदले गए, रंगरोगन कराया गया, नाम के बोर्ड बदले गए लेकिन शिक्षा सुविधा नहीं बदल पाई। इस स्कूल में स्वीकृत शिक्षकों के पद से लगभग आधे शिक्ष अध्यापन कार्य कर रहें हैं। एक स्कूल को मात्र 2.55 लाख फंड ही दिया जा रहा है। फंड नहीं होने कारण अन्य छोटी मोटी व्यवस्था भी नहीं हो पा रही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बेसरा ने कहा इन अनियमियताओं के चलते आत्मानंद स्कूलों की हालत बद से बदतर होती जा रही है।
