भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रथम परिचयात्मक बैठक सम्पन्न, विधायक रोहित साहू से लिया मार्गदर्शन
फिंगेश्वर –
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा, जिला गरियाबंद की नई जिला कार्यकारिणी घोषित होने के पश्चात प्रथम परिचयात्मक बैठक छुरा विश्रामगृह में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं जनजातीय समाज के हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान राजिम विधानसभा के विधायक रोहित साहू से सौजन्य मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया गया। विधायक श्री साहू ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुसूचित जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया।
जिला अध्यक्ष सियाराम ध्रुव के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अजजा मोर्चा के पदाधिकारी एवं विभिन्न मंडलों के अजजा मोर्चा अध्यक्षगण उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने हेतु सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।बैठक के अंत में संगठन की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई तथा जनजातीय समुदाय के अधिकारों और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
