8 वोट पड़े खिलाफ,फिंगेश्वर के ग्राम रक्शा सरपंच पर गिरा अविश्वास का हथौड़ा
फिंगेश्वर
सरपंच के कार्यो से रूष्ट पंचो द्वारा सरपंच के खिलाफ रखे गए अविश्वास प्रस्ताव में वोटिंग के बाद विवाद काफी बढ़ जाने से ग्राम पंचायत रक्शा में पुलिस बुलानी पड़ी। गांव में तनाव बना हुआ है।फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पंचायत रक्शा में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पंचायत परिसर के सामने तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पंचायत प्रतिनिधियों के दो गुट आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर विवाद हुआ। सूचना मिलने पर फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत रक्शा के सरपंच के खिलाफ पंचायत प्रतिनिधियों का एक गुट लामबंद था। सरपंच समेत कुल 10 प्रतिनिधियों में से 9 पंचों (एक महिला पंच को छोड़कर) ने सरपंच पर अभद्र व्यवहार, पद के दुरूपयोग और मनमानी जैसे गंभीर आरोप लगाए। पंचों का आरोप था कि सरपंच पंचायत कार्यो में आपसी समन्वय नहीं रखते और दबंगईपूर्वक निर्णय लेते हैं। इस संबंध में उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी, राजिम से शिकायत कर जांच और अविश्वास प्रस्ताव की मांग की थी। शुक्रवार को तहसीलदार राजिम डिम्पल धु्रव की उपस्थिति में ग्राम पंचायत सभा कक्ष में अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया गया। मतदान में सरपंच के समर्थन में केवल 3 वोट (जिसमें उनका स्वयं का वोट शामिल था) पड़े, जबकि 8 पंचों ने उनके खिलाफ मतदान किया। इस प्रकार अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। मतदान के दौरान और उसके बाद पंचायत परिसर में में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने गांव के विकास के लिए प्रतिनिधियों को चुना था, लेकिन आपसी विवाद के कारण पंचायत की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है। पंचों ने तत्काल सरपंच को हटाकर पंचो के बीच में आपसी रजाबंदी से सरपंच का चयन किए जाने की बात कही है।
