रायपुर में पहली बार भारत रंग महोत्सव, 3 से 8 फरवरी तक राष्ट्रीय रंगमंच का भव्य आयोजन देश के प्रतिष्ठित रंगकर्मी और चयनित नाट्य प्रस्तुतियाँ करेंगी मंच को जीवंत प्रवेश निःशुल्क, छत्तीसगढ़ की रंग-संस्कृति को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

  रायपुर में पहली बार भारत रंग महोत्सव, 3 से 8 फरवरी तक राष्ट्रीय रंगमंच का भव्य आयोजन



देश के प्रतिष्ठित रंगकर्मी और चयनित नाट्य प्रस्तुतियाँ करेंगी मंच को जीवंत

प्रवेश निःशुल्क, छत्तीसगढ़ की रंग-संस्कृति को मिलेगा राष्ट्रीय मंच


रायपुर

भारतीय रंगमंच की समृद्ध परंपरा, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक स्मृतियों को राष्ट्रीय मंच देने वाला भारत रंग महोत्सव (बर्म) पहली बार छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित होने जा रहा है। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित यह प्रतिष्ठित महोत्सव 3 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में संपन्न होगा।


यह आयोजन विशेष रूप से राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के 25वें भारत रंग महोत्सव तथा छत्तीसगढ़ राज्य के 25वें रजत जयंती वर्ष के शुभ अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जो इसे ऐतिहासिक महत्व प्रदान करता है।


भारतीय रंगमंच की जीवंत परंपरा का उत्सव


भारतीय रंगमंच केवल मंच पर घटने वाली कला नहीं, बल्कि यह समाज की चेतना, लोकसंस्कृति, संघर्ष और संवेदनाओं का जीवंत दस्तावेज़ है। इसी विरासत को राष्ट्रीय पहचान देने वाला भारत रंग महोत्सव देश का सबसे प्रतिष्ठित और गौरवशाली रंगमंचीय आयोजन माना जाता है।


रायपुर में इस महोत्सव का आयोजन प्रसिद्ध लोकगायिका एवं रंगकर्मी गरिमा दिवाकर के संयोजन में किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ के रंगमंच के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।


देशभर की श्रेष्ठ नाट्य प्रस्तुतियाँ


महोत्सव के अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों से चयनित उत्कृष्ट नाट्य प्रस्तुतियाँ दर्शकों के समक्ष मंचित की जाएँगी—

03 फरवरी 2026

पारो

लेखक: विवेक कुमार (बाबा नागार्जुन के उपन्यास पर आधारित)

निर्देशक: शारदा सिंह

संस्था: प्रस्तुति, पटना (बिहार)

04 फरवरी 2026

शास्ति

लेखक: बीरू मुखोपाध्याय

निर्देशक: विधान चंद्र हालदार

संस्था: गोबरडांगा रंगभूमि, पश्चिम बंगाल

05 फरवरी 2026

फिर आषाढ़ का एक दिन

लेखक: मोहन राकेश

निर्देशक: तनुज

संस्था: द राइजिंग सोसाइटी ऑफ आर्ट एंड कल्चर, भोपाल

06 फरवरी 2026

सीढ़ी दर सीढ़ी उर्फ तुक्के पे तुक्का

लेखक: राजेश जोशी

निर्देशक: बंसी कौल

संस्था: रंग विदूषक, भोपाल

07 फरवरी 2026

को जानी कहाँ?

लेखक: दुर्गेश सोनी

निर्देशक: अन्नपूर्णा सोनी

संस्था: दर्पण रंग समिति, कटनी

08 फरवरी 2026 (समापन विशेष प्रस्तुति)

बिरसा (भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में)

निर्देशक: गरिमा दिवाकर

संस्था: अंजोर लोक कला मंच, रायपुर


उद्घाटन समारोह


महोत्सव का भव्य उद्घाटन 3 फरवरी 2026 को होगा। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली के पूर्व निदेशक श्री देवेन्द्र राज अंकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।


अन्य रचनात्मक गतिविधियाँ भी होंगी शामिल


छह दिवसीय इस महोत्सव के दौरान नाट्य प्रस्तुतियों के साथ-साथ चर्चाएँ, परिचर्चाएँ, गोष्ठियाँ एवं संगोष्ठियाँ भी आयोजित की जाएँगी। इन सत्रों में राजकमल नायक, संजय उपाध्याय, जयंत देशमुख, अशोक मिश्रा, योगेन्द्र चौबे सहित देश के वरिष्ठ रंगकर्मी और रंगचिंतक सहभागिता करेंगे।


आयोजन टीम

आयोजन संयोजक: गरिमा दिवाकर

तकनीकी संयोजक: हीरा मानिकपुरी


रंगप्रेमियों के लिए विशेष अवसर


भारत रंग महोत्सव 2026, रायपुर न केवल दर्शकों को देश की विविध रंगपरंपराओं से रू-बरू कराएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक एवं रंग संस्कृति को राष्ट्रीय मंच भी प्रदान करेगा।


👉 प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क है।

👉 सभी रंगप्रेमियों एवं कला-प्रेमियों का हार्दिक स्वागत है।

Previous Post Next Post
ad inner footer