राज्यपाल के गोद ग्राम बिजली में समाज कल्याण विभाग का शिविर, पेंशन-सहायक उपकरण का लाभ और नशा मुक्ति का संदेश
फिंगेश्वर –
राज्यपाल के गोद ग्राम बिजली में समाज कल्याण विभाग द्वारा विशेष शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन तथा सहायक उपकरण हेतु चिन्हांकन शिविर लगाया गया।
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की गई। साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का मंचन कर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक डी.पी. ठाकुर ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि राज्यपाल रमेन डेका ने ग्राम बिजली को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। इसके तहत गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर आवश्यकतानुसार उपकरण प्रदान किए जाएंगे तथा पेंशन योजना से वंचित पात्र हितग्राहियों को भी योजना से जोड़ा जाएगा।
नशा मुक्ति के संबंध में उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय गरियाबंद में नशा मुक्ति केंद्र संचालित है, जहां शराब एवं अन्य नशों की आदत छुड़ाने का उपचार किया जाता है। शिविर स्थल पर नशा मुक्ति केंद्र गरियाबंद की टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान बताए गए।
शांति मैत्री ग्रामीण विकास संस्थान के सचिव उदय गंगोई ने नशा मुक्ति केंद्र में होने वाले उपचार की जानकारी देते हुए बताया कि वहां मेडिटेशन, मोटिवेशन, मेडिसिन एवं सकारात्मक माहौल के माध्यम से व्यक्ति को शारीरिक व मानसिक रूप से नशा छोड़ने के लिए तैयार किया जाता है। नशा मुक्ति केंद्र के संचालक मनोज कुमार साहू ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से अब तक 229 लोग पूर्ण रूप से नशा मुक्त हो चुके हैं, जो आज अपने परिवार के साथ सुखमय जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू, सभापति नंदू यादव, सरपंच पद्मा मोती निषाद, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्योतिबाला ढालेन, स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में ग्राम पंचायत बिजली के ग्रामीणों का पूर्ण सहयोग रहा।

