चंदखुरी 323 परीक्षार्थियों के साथ आरंग का सबसे बड़ा केंद्र, तिलक लगाकर बढ़ाया हौसला
आरंग(लखौली)--
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा दसवीं की वार्षिक परीक्षा के अंतर्गत आरंग ब्लॉक का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र पीएम श्री ए.आर. बरछिया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चन्द्रखुरी बना है, जहां कुल 323 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भानसोज की प्राचार्या श्रीमती इला सिंह ठाकुर, जो इस परीक्षा केंद्र की केंद्राध्यक्ष भी हैं, ने केंद्र पहुंचने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने परीक्षार्थियों का हौसला अफजाई करते हुए उन्हें आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर शाला परिवार के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ भी मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों को सफलता की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभाई।परीक्षा केंद्र में मंडल के निर्देशानुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। विद्यालय परिवार ने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
