आरंग महानदी रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग फिर तेज
आरंग
आरंग महानदी रेलवे स्टेशन पर आज तक किसी भी एक्सप्रेस या मेल ट्रेन का ठहराव नहीं होना क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। लगभग 20 हजार से अधिक आबादी वाले नगर पालिका क्षेत्र आरंग के बावजूद यहां एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज न होना स्थानीय लोगों के साथ अन्याय माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आरंग महानदी रेलवे स्टेशन से एक दर्जन से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनें अप-डाउन होती हैं, लेकिन किसी भी ट्रेन का ठहराव नहीं है। वर्तमान में स्टेशन पर केवल तीन पैसेंजर ट्रेनों का ही संचालन और ठहराव होता है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों द्वारा पिछले 20 वर्षों से लगातार एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही है। समय-समय पर आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और रेल प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
आरंग क्षेत्र शिक्षा, व्यापार और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने एक बार फिर रेल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि आरंग महानदी रेलवे स्टेशन पर कम से कम दो-तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शीघ्र स्वीकृत किया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान हो सके।
लोगों को सांसद बृजमोहन अग्रवाल से उम्मीद है कि वे इस दिशा में सकारात्मक पहल करेंगे।

