पट्टाचार्य आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज को राज्य अतिथि का दर्जा, राजिम में जैन समाज ने जताया हर्ष
नवापारा- राजिम
प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के राजिम आगमन के दौरान जैन समाज के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का अवसर सामने आया। इस दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि हमारे पट्टाचार्य आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य अतिथि का दर्जा प्रदान किया गया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय की खुशी में नवापारा राजिम के समस्त जैन समाज ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर जैन समाज द्वारा आगामी 19 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले श्री मज्जिनेन्द्र पंचकल्याणक शांतिनाथ जिन बिम्ब प्रतिष्ठा महोत्सव के छह दिवसीय भव्य कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई। समाज की ओर से इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में शामिल होने हेतु मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं मंत्रिमंडल के सदस्यों को आमंत्रण देने के उद्देश्य से राजिम विधायक रोहित साहू के निवास पर मुख्यमंत्री का पुष्पहार से भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जैन समाज के प्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र, सामाजिक दुपट्टा, माला, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही आगामी पंचकल्याणक महोत्सव की विशेष पत्रिका का विधिवत विमोचन भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से संपन्न हुआ। पत्रिका विमोचन के पश्चात समाजजनों ने मुख्यमंत्री से नवापारा राजिम पधारकर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया।
इस अवसर पर समाज के संरक्षक रमेश पहाड़िया, अध्यक्ष अखिलेश जैन, सुधीर जैन, संजय जैन, अलोक पहाड़िया, प्रभात जैन, सौरभ जैन, अंकुर पहाड़िया, रवि जैन, अशोक गंगवाल, मनोज जैन, किशोर सिंघई, डॉ. राजेंद्र गदिया सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। साथ ही महिला मंडल एवं बालिका मंडल की बहनों ने भी पट्टाचार्य आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज को राज्य अतिथि का दर्जा दिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति हर्ष व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया।
जैन समाज ने इस निर्णय को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक दृष्टि से ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे समाज की भावना को सम्मान मिला है और पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है
