केंद्रीय बजट 2026: भाजपा ने बताया विकासोन्मुख, कांग्रेस ने कहा जनविरोधी

 केंद्रीय बजट 2026: भाजपा ने बताया विकासोन्मुख, कांग्रेस ने कहा जनविरोधी



फिंगेश्वर 

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को लेकर फिंगेश्वर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने इसे जनकल्याणकारी, विकासोन्मुख और आत्मनिर्भर भारत की नींव को मजबूत करने वाला बजट बताया है, वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस बजट को निराशाजनक बताते हुए कहा कि आम जनता, किसान और मध्यम वर्ग को कोई ठोस राहत नहीं दी गई, केवल खोखले वादों और झुनझुने थमाने का काम किया गया है।



बजट में पंचायतों, ग्रामीण अधोसंरचना, सड़क, आवास और जल जीवन मिशन जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।



इन्द्राणी नेहरू साहू, अध्यक्ष जनपद पंचायत फिंगेश्वर 




किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए बजट में किए गए प्रावधान सराहनीय हैं। कृषि, स्वरोजगार, कौशल विकास और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।



सतीश यादव, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत फिंगेश्वर 





यह बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विशेष रूप से ग्रामीण सड़कों, आवास, बिजली और संचार सुविधाओं के लिए किए गए प्रावधानों से दूरदराज के क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा।



रामाधार साहू, भाजपा नेता एवं पूर्व सरपंच सेन्दर 





महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। इससे महिला वर्ग को आर्थिक मजबूती और सम्मान मिलेगा।



श्रीमती नंदिनी ओंकार साहू, सभापति जिला पंचायत गरियाबंद 




नगरीय विकास, स्वच्छता, आवास और आधारभूत संरचना के लिए बजट में दी गई प्राथमिकता से नगर पंचायतों को नई ऊर्जा मिलेगी। इससे शहरी और ग्रामीण विकास के बीच संतुलन स्थापित होगा।



जगदीश यादव, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत फिंगेश्वर 



केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट आम जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। महंगाई, बेरोज़गारी और लगातार बढ़ते घरेलू खर्च पर कोई ठोस राहत नहीं दी गई है। यह बजट गरीब, किसान और मध्यम वर्ग को निराश करने वाला है और बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाला बजट साबित हुआ है।



सुखचंद बेसरा, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी

 


किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बात हर साल की जाती है, लेकिन इस बजट में भी किसानों के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। खाद-बीज-डीजल की बढ़ती कीमतों से किसान परेशान है, पर सरकार को उसकी चिंता नहीं है।



रुपेश साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर


मध्यम वर्ग को राहत देने के बड़े दावे किए गए थे, लेकिन बजट देखने के बाद साफ हो गया कि यह सिर्फ़ दिखावा है। टैक्स, शिक्षा और स्वास्थ्य खर्च में आम परिवार को कोई वास्तविक राहत नहीं मिली है, जिससे जनता में भारी निराशा है।



तेजेश यदु, मंडल अध्यक्ष कांग्रेस फिंगेश्वर


महिलाओं के सशक्तिकरण की बात बजट भाषण में तो की गई, लेकिन महिलाओं के लिए स्वरोजगार, सुरक्षा और सामाजिक योजनाओं पर कोई ठोस प्रावधान नजर नहीं आता। यह बजट महिला वर्ग की उम्मीदों को पूरा करने में असफल रहा है।



श्रीमती पुष्पा साहू, पूर्व अध्यक्ष जनपद पंचायत फिंगेश्वर


यह बजट सामाजिक संतुलन से दूर है। गरीब और निम्न वर्ग के लिए योजनाओं में कटौती और अमीर वर्ग को छूट देकर सरकार ने अमीर-गरीब की खाई को और चौड़ा करने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट का विरोध करती है।



अनिल चंद्राकर, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत फिंगेश्वर

Previous Post Next Post
ad inner footer