महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती मनाया गया

 महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती मनाया गया 



राजिम

 गणित के प्रति विद्यार्थियों में रुचि और जिज्ञासा उत्पन्न करने के उद्देश्य से सरस्वती शिशु मंदिर राजिम में राष्ट्रीय गणित दिवस 2025 के अवसर पर गणित मेला का आयोजन किया गया। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी  महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक मनाई गई।

कार्यक्रम में श्रीनिवास रामानुजन के जीवन, संघर्ष और गणित के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि रामानुजन का जन्म वर्ष 1887 में तमिलनाडु के इरोड में हुआ था। उन्होंने बहुत कम उम्र में ही अपनी विलक्षण प्रतिभा का परिचय देते हुए भिन्न, अनंत श्रृंखला, संख्या सिद्धांत, गणितीय विश्लेषण सहित कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए और गणित की दुनिया में उच्च मानक स्थापित किए।

विद्यालय में यह भी जानकारी दी गई कि वर्ष 2012 में भारत सरकार द्वारा रामानुजन की जयंती को सम्मानित करते हुए 22 दिसंबर को राष्ट्रीय गणित दिवस घोषित किया गया, ताकि विद्यार्थियों में गणित के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

कार्यक्रम के दौरान रामानुजन के जीवन से जुड़े रोचक प्रसंगों पर चर्चा की गई, जिसमें उनके द्वारा स्वयं गणित की शिक्षा प्राप्त करना, आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अनुसंधान कार्य जारी रखना तथा प्रोफेसर हार्डी के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त करना शामिल रहा। उनके लगभग 3900 गणितीय परिणाम, हार्डी–रामानुजन संख्या 1729, मॉक थीटा फलन, अभाज्य संख्याओं पर कार्य सहित अनेक उपलब्धियों की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई।

गणित मेले में विभिन्न कक्षाओं के भैया-बहनों ने मॉडल, चार्ट, प्रयोग और गतिविधियों के माध्यम से गणितीय अवधारणाओं को सरल व रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। सभी विधाओं में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सराहनीय रही।

अंत में विद्यालय संचालन समिति के व्यवस्थापक ने सभी प्रतिभागी भैया-बहनों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में गणित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Previous Post Next Post
ad inner footer