औचक निरीक्षण में उजागर हुई धान खरीदी की धीमी रफ्तार, परिवहन के अभाव मे केंद्रों पर धान जाम
अंकुर पहाड़िया /फिंगेश्वर
सहकारिता एवं उद्योग सभापति डॉ. दिलीप साहू ने फिंगेश्वर विकासखंड अंतर्गत धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फिंगेश्वर–लचकेरा, गुंडरदेही, भसेरा एवं पोलकर्रा (फिंगेश्वर) स्थित खरीदी केंद्रों की व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण में सभी केंद्रों पर 40.750 किलोग्राम धान की तौल होना पाया गया तथा बारदाना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध एवं सुरक्षित भंडारण की स्थिति में पाया गया। हालांकि लचकेरा धान खरीदी केंद्र में खरीदी की रफ्तार काफी पीछे पाई गई। यहां कुल 84 हजार क्विंटल धान की खरीदी लक्ष्य के विरुद्ध अभी तक केवल 28 हजार क्विंटल की खरीदी हो सकी है। केंद्र की दैनिक खरीदी लिमिट मात्र 1353 क्विंटल निर्धारित है, जिसे किसानों ने अत्यंत कम बताते हुए बढ़ाने की मांग की।
इसी प्रकार फिंगेश्वर धान खरीदी केंद्र में कुल 62 हजार क्विंटल लक्ष्य के विरुद्ध अभी तक केवल 20 हजार क्विंटल धान की खरीदी हो पाई है। निरीक्षण के दौरान किसानों ने सभापति डॉ. दिलीप साहू के समक्ष खरीदी लिमिट बढ़ाने की प्रमुख मांग रखी।किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डॉ. साहू ने त्वरित कार्यवाही के तहत जिला के प्रमुख अधिकारी माहेश्वरी तिवारी से फोन पर संपर्क कर स्थिति से अवगत कराने का प्रयास किया, किंतु फोन बंद होने के कारण चर्चा नहीं हो सकी।समिति प्रबंधकों ने निरीक्षण के दौरान बताया कि परिवहन व्यवस्था ठप होने के कारण केंद्रों में धान का भारी जाम लगा हुआ है, जिससे नई खरीदी में लगातार परेशानी आ रही है। वहीं पहले से खरीदे गए धान के स्टॉक की तौल करने पर 39.500 किलोग्राम वजन पाया गया, जिसमें 1 से 2 किलोग्राम तक सोकता सामने आया।
डॉ. दिलीप साहू ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र परिवहन व्यवस्था बहाल करने एवं खरीदी लिमिट बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और धान खरीदी सुचारु रूप से संचालित की जानी चाहिए।
